रूधौली क्षेत्र के ऑगनबाड़ी केंद्र का बीडीओ ने किया निरीक्षण।
बस्ती। जनपद के सभी 2655 आंगनबाड़ी केंद्रों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके लिए यूनिसेफ की ओर इन केंद्रों का सर्वे कराया जा रहा है। अब तक 1800 आंगनबाड़ी केंद्रों के सर्वे का कार्य पूर्ण हो चुका है। मंगलवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जिला पोषण समिति की बैठक के दौरान डीएम प्रियंका निरंजन ने यूनीसेफ को सर्वे कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेने वाले अधिकारी निरीक्षण के दौरान सर्वे कार्य का भी सत्यापन करें। बताया गया कि केंद्रों के सर्वे में उपलब्ध सुविधाओं की जांच की जा रही है। इसके लिए 18 प्रकार के मानक निर्धारित है। डीएम की पहल पर आईसीडीएस ने पिछले वर्ष जनपद के 79 आंगनबाड़ी केंद्रों को जीर्णोद्धार के लिए 2-2 लाख रुपये आवंटित किया था। इसके तहत वेबी फ्रेंडली शौचालय, बैठने के लिए फर्नीचर, पेयजल, रंगाई-पुताई, टाइल्स लगवाना, दीवारों पर लेखन, खिलौने एवं अन्य व्यवस्था की जानी है।
बताया गया कि जिले में 281 आंगनबाड़ी केंद्र सरकारी स्कूल भवनों के बजाय निजी स्थानों पर संचालित हो रहे है। डीएम ने नए भवन के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया। बताया गया 12 लाख रुपये की लागत से 15 नए आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जा रहे है। विद्युत विभाग को 312 केंद्रों के विद्युत कनेक्शन के लिए विभाग द्वारा धन जमा किया जा चुका है। डीएम ने संभव अभियान, पोषण टैªकर, आरबीएसके, ई-कवज पोर्टल पर फीडिंग की समीक्षा की। बैठक में अनुपस्थित अधिशासी अभियंता बीडीए, ईओ नगरपालिका, एडीओ पंचायत सदर, तहसीलदार सदर, अधिशासी अभियंता विद्युत द्वितीय, टीबी अधिकारी तथा आबकारी अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश दिया है।