बस्ती। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के क्रियान्वयन और बेहतर प्रदर्शन में महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश के स्वशासी और अन्य मेडिकल कॉलेजों (एएसएमसी) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शनिवार को लखनऊ में आयोजित आयुष्मान मेधा-2026 समारोह में कॉलेज को सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रमुख सचिव, चिकित्सा शिक्षा ने कॉलेज के आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी एवं उप प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार यादव को सम्मान प्रदान किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार ने इस उपलब्धि का श्रेय संस्थान के सामूहिक प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि इसमें चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ के साथ तकनीकी और प्रशासनिक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सभी के समन्वित प्रयास से योजना का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों को निशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के लिए कॉलेज की टीम पूरी जिम्मेदारी से काम कर रही है। प्राचार्य ने नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव सहित सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं जारी रखने की अपेक्षा जताई।