बस्ती। जिला अस्पताल में जूनियर रेजीडेंट (जेआर) के पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कोर्स में ट्रेनिंग के लिए बीएचयू की टीम की रिपोर्ट के बाद अस्पताल को कोर्स के लिए हरी झंडी मिल गई है। हालांकि जिला अस्पताल प्रशासन ने जरूरत के अनुसार यहां एक और सर्जन की मांग शासन को भेज दी है। एसआईसी डॉ. सुरेश कुमार कौशल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा की सर्जन मिलते ही कोर्स को लेकर अन्य कार्य भी पूरे कर लिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 12 अगस्त को नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (एनबीई) से नामित बीएचयू की टीम जिला अस्पताल की सर्जरी व्यवस्था का आकलन किया। पुरानी ऑपरेशन थियरेटर (ओटी) से लेकर माड्यूलर ओटी में सर्जरी के लिए रखे गए उपकरण और अत्याधुनिक मशीनों को देखा। इसके बाद टीम सिटी स्कैन, इमरजेंसी, ट्रामा सेंटर, ओटी और एक्स-रे, आईसीयू, नेत्र सर्जरी विभाग की उपलब्धता देखी थी। टीम का नेतृत्व कर रहे बीएचयू के डॉ. राहुल सक्सेना ने किया।
प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. एसके कौशल ने बताया कि जिला अस्पताल को पीजी कोर्स के लिए चयन किया गया है। यहां सर्जरी विभाग के लिए डिप्लोमा नेशनल बोर्ड (डीएनबी) में सितंबर में कक्षाएं शुरू होंगी। इससे पहले दिल्ली से नामित टीम ने जिला अस्पताल में फैकल्टी सेवाओं की जांच कराई थी। एनबीई टीम ने यहां की रिपोर्ट ठीक दे दी है। इस पर बीएचयू ने दिल्ली को रिपेर्ट भेजी है। जैसे ही सर्जन मिले सर्जरी विभाग में दो सीटों पर प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा।