जालसाजों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती के लिए जारी कर दी 24 लोगों सूची
प्राचार्य ने सूची जारी करने से किया इन्कार, कहा- डीएम को इस मामले में पत्र लिखेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जालसाजों द्वारा जिले में स्थित महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज में संविदा भर्ती का पत्र जारी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस सूची में 24 लोगों के नाम हैं।
इसकी जानकारी कॉलेज प्रशासन को तब हुई जब बृहस्पतिवार की शाम सूची लेकर कुछ लोग कॉलेज पहुंचे। इसे देखकर कॉलेज प्रशासन हैरत में पड़ गया। हालांकि सूची के फर्जी होने की जानकारी होते ही इसे लेकर पहुंचे लोग धीरे से खिसक लिए। कॉलेज के प्राचार्य नवनीत कुमार ने उनके द्वारा ऐसा कोई भी पत्र जारी करने से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में डीएम को पत्र लिखेंगे।
पत्र कार्यालय निर्देशक (प्रशासन) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं महर्षि वशिष्ठ स्वासाशी चिकित्सा महाविद्यालय रामपुर, बस्ती एवं उत्तर प्रदेश लखनऊ के नाम से जारी किया गया है। इस पर महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य नवनीत कुमार के हस्ताक्षर भी हैं। संविदा भर्ती का यह पत्र फर्जी न लगे इसे देखते हुए इसकी प्रतिलिपि सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, चिकित्सा अनुभाग-4 समेत कई लोगों को भेजने का जिक्र है। इसमें कोर्ट के अधीन भर्ती होने का भी जिक्र है। प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार ने कहा है कि नियुक्ति की यह सूची पूरी तरह फर्जी है। कॉलेज प्रशासन अथवा उनकी ओर से इस तरह का कोई सूची जारी नहीं की गई है।
पहले भी सुर्खियों में रहा है जनपद
फर्जी भर्ती के पत्र को लेकर जिला दो माह पहले भी सुर्खियों में आया था। तब जिला अस्पताल की एसआईसी डॉ. रोचिस्मति पांडेय के फर्जी हस्ताक्षर से विभिन्न पदों की भर्ती की सूची जारी की गई थी। इस मामले में जब कुछ अभ्यर्थी आवेदन लेकर अंतिम तिथि पर जिला अस्पताल पहुंचे तो मामले का पर्दाफाश हुआ। इस मामले में एसआईसी ने कोतवाली थाने को तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में अभी कुछ हो भी नहीं पाया है कि बृहस्पतिवार को मेडिकल कालेज में भर्ती के लिए 24 लोगों की सूची जारी होने का मामला सामने आ गया।