पुरानी बस्ती। थाना क्षेत्र के एनएच 27 बस्ती-लखनऊ हाईवे पर पॉलिटेक्निक चौराहे के निकट मंगलवार की देर रात साइकिल सवार ट्रक मिस्त्री की अज्ञात बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरौली के पुरवा खझवां गांव निवासी सरब जीत (45) हाईवे के मरवटिया चौराहे पर ट्रक बनाने का काम करते थे। मंगलवार की रात दुकान बंद कर अपनी साइकिल से घर जा रहे थे।
पॉलिटेक्निक चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात बस ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गए और उनका सिर पहिए से दबकर सड़क में चिपक गया। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर तक जाम लगा रहा।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को किनारे कराया। तब जाकर आवागमन बहाल हुआ। घर में पत्नी के अलावा बेटा अजय कुमार (27), विजय कुमार (23), सिकंदर कुमार (20) व बेटी प्रीती (18) का रो-रोकर बुरा हाल है।