समझाने पर घरवाले माने, मंदिर में हुई प्रेमी युगल की शादी
नगर थाना क्षेत्र का मामला, युवती के घर से चले जाने के बाद घरवालों ने थाने में दी थी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
नगर बाजार(बस्ती)। जब प्रेम सच्चा हो तो ईश्वर भी प्रेमी-प्रेमिका की मदद करते हैं। कुछ ऐसा रविवार को हुआ नगर थाना क्षेत्र में। जो घरवाले युवक-युवती की शादी का विरोध कर रहे थे, पंचायत में वे मान गए। फिर क्या था, दोनों पक्षों के समक्ष राजकोट दुर्गा मंदिर में प्रेमी युगल ने सात फेरे लिए। गांव के लोग भी इसके साक्षी बने।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मीतनजोत निवासी गुड़िया पुत्री राजकरन और प्रदीप पुत्र राम मिलन पिछले पांच वर्षों से एक दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों चोरी छिपे मिलते भी थे। 18 नवंबर की रात्रि में गुड़िया घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिली तो परिजनों ने नगर थाना में इसकी शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने प्रदीप को अपने हिरासत मे लेकर उससे पूछताछ कर रही थी। इसी बीच गुड़िया रविवार को अकेले घर आ पहुंची। सूचना पाकर मौके पर नगर पुलिस भी उसके घर पहुंची। दोनों के परिजन भी थाने पहुंचे। मान मनौव्वल के बीच थाने पर पंचायत हुई। उधर, गुड़िया व प्रदीप शादी के लिए अड़े रहे। आखिरकार दोनों के घरवाले शादी के लिए राजी हो गए। गांव के अन्य लोगों के समक्ष राजकोट दुर्गा मंदिर पर दोनों ने सात फेरे लिए। प्रधान प्रतिनिधि मीतनजोत लक्ष्मीकान्त पांडेय, ग्राम प्रधानपति नगर बाजार राम कृपाल यादव, जय प्रकाश पांडेय, उमा शंकर, रामरूप,कन्हैया गौड,राम शंकर,राजेश चौधरी,अजय कुमार,राम संवारे आदि इस विवाह के साक्षी बने।