मायके में फंदे से लटकी मिली विवाहिता की लाश
कप्तानगंज (बस्ती)। थानाक्षेत्र के नकटीदेई निवासी 22 वर्षीय विवाहिता की मायके में फंदे से लटका शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। नकटीदेई निवासी मोहम्मद नफीस ने बेटी फाहिमा (22) की शादी 23 अप्रैल-2018 को नगर थाने के बसहवा निवासी जुनैद के साथ की थी। कुछ समय बाद पति से अनबन होने के बाद वह मायके चली आई। इसके बाद ससुराल के लोग उसे नहीं ले जा रहे थे। फाहिमा ने उच्चाधिकारियों से इसके लिए प्रार्थना पत्र भी दिया था। विदाई को लेकर कई बार बातचीत भी हुई, लेकिन परिणाम नहीं निकला। फाहिमा के घरवालों के अनुसार इसे लेकर वह काफी परेशान रहती थी। पिता ने बताया कि शुक्रवार की देर रात लोग खाना खाने के बाद सोने की तैयारी में थे। इसी बीच तेज आवाज आई। भागकर परिजन पहुंचे तो देखा कि फाहिमा फंदे से लटककर छटपटा रही थी। उसे तत्काल नीचे उतारा और सीएचसी कप्तानगंज ले गए। यहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष कप्तानगंज विकास यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।