कलवारी क्षेत्र के गौरा गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कलवारी। गौरा गांव में एक विवाहिता की मंगलवार दोपहर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय मीरा की तबीयत कुछ दिनों से खराब चल रही थी। मंगलवार की दोपहर में बिस्तर पर आराम करने के लिए सो रही थी। फिर वह सो कर उठी नहीं और उसकी मौत हो गई। मीरा के पति राजेश यादव ने बताया कि पत्नी की तबीयत खराब चल रही थी। आज खाना और दवा देने के बाद वह धान की निराई करने चला गया। जब शाम को लौटा तो पत्नी बिस्तर पर सोई थी। जगाने लगा तो वह जगी नहीं। निजी चिकित्सक को दिखाया तो उन्होने मृत घोषित कर दिया है। इसकी जानकारी उसके मायके ग्राम देवमी थाना लालगंज को दी।
मीरा के घर वाले कलवारी थाने पर जाकर अनहोनी की आशंका जताई है । सूचना पर पहुंची नायब तहसीलदार स्वाति सिंह की मौजूदगी में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव के निरीक्षण में शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं दिखे और न ही गले पर कोई निशान दिखा। देखने से उसकी मौत सामान्य दिख रही है। सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।