बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के हर्रैया गांव में सोमवार की सुबह नवविवाहिता का शव बरामदे के छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गले में फंदा लगाने से हुआ पाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दूसरे दिन मंगलवार को स्वजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, संतकबीरनगर जिले के महुली क्षेत्र के शिवबखरी गांव निवासी रामचंदर की 20 वर्षीय बेटी सुकन्या की शादी जुलाई माह में लालगंज क्षेत्र के हर्रैया निवासी राजन पुत्र जगमोहन से हुई थी । शादी के एक माह बाद 24 अगस्त को राजन मुंबई चला गया तथा सुकन्या ससुराल में ही सास, ननद, देवर व ससुर के साथ रह रही थी।
परिजनों ने बताया कि सोमवार की सुबह परिवार के सभी खेत में धान की कटाई करने चले गए थे। जबकि सुकन्या घर पर अकेली थी। करीब दस बजे खेत से लौटे देवर ने बरामदे में फंदे के सहारे भाभी का शव लटका देख शोर मचाने लगा और खेत पर काम कर रहे स्वजनों को सूचना दी। एसओ लालगंज सुनील कुमार गोंड ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे के सहारे लटकने से मौत होने का कारण स्पष्ट हुआ है। संवाद