पुलिस को दी तहरीर में रुधौली थाना क्षेत्र के मुड़ियार गांव निवासी रामरक्षा पुत्र बुद्घू ने कहा है कि उसकी बेटी रंजना की शादी 2008 में मुड़ियार गांव में हुई थी।
उसकी बेटी को उसकी सास और ननद अक्सर प्रताड़ित करती थीं। रविवार को उन लोगों ने उनकी बेटी रंजना को जलाकर मार डाला और उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दिवंगत की सास उर्मिला पत्नी त्रिलोकी और ननद वंदना पुत्री त्रिलोकी के विरुद्ध हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसओ रुधौली पंकज कुमार ने बताया कि दिवंगत रंजना का पति, ससुर और देवर मुंबई में हैं। पति और ससुर चार माह से मुंबई में हैं जबकि देवर कुछ दिन पूर्व मुंबई गया है। उसकी जलने से मौत हुई। वह जली या जलाकर मारी गई, इस बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही पता चल सकेगा।
रंजना अपने पीछे पांच वर्षीय एक बेटा छोड़ गई है जो पुलिस को कुछ बता नहीं पा रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर घटना के सभी पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।