बहादुरपुर। कलवारी थाना क्षेत्र की एक युवती ने रिश्तेदार पर आत्महत्या की धमकी देकर मंदिर में शादी करने और बाद में अपनी मां व बहनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती के अनुसार, उसके रिश्तेदार मोनू निवासी गजया कलवारी ने फोन पर शादी करने का दबाव बनाया। उसने शादी नहीं करने पर आत्महत्या करने और पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी।
डर के कारण युवती पांच जुलाई 2026 को नगर बाजार पहुंची। वहां दोनों ने दुर्गा मंदिर में शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बाद मोनू उसे अलग-अलग रिश्तेदारों के यहां ले गया और शारीरिक संबंध बनाए।
30 जुलाई को वह उसे अपने घर गजया ले गया, जहां उसकी मां और बहनों माधुरी व संगीता ने मिलकर युवती के साथ मारपीट की। मोनू ने उसे धमकी दी कि वह उसकी शादी कहीं और नहीं होने देगा और उसके साथ रहने पर उसे गलत धंधे में धकेल देगा।
इसी बीच युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई स्वामीनाथ सिंह कर रहे हैं। ा