बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ेबन पुलिस चौकी के पास रविवार शाम एक बेकाबू क्रेन चौकी की बाउंड्रीवॉल से टकरा गई। हादसे में दीवार और गेट के ऊपर लगा पुलिस चौकी का बोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया। पास खड़ी दो बाइक भी क्रेन की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रेन कंपनी बाग की ओर से आ रही थी। बड़ेबन चौकी के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद क्रेन चौकी की बाउंड्रीवॉल से जा टकराई। टक्कर से दीवार का एक हिस्सा और गेट के ऊपर लगा ‘पुलिस चौकी बड़ेबन’ का बोर्ड टूट गया। चौकी के पास खड़ी दो बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
चालक ने पुलिस को बताया कि क्रेन के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। कोतवाल ब्रजानंद सिंह ने बताया कि क्रेन चौकी की दीवार से टकराई थी। चालक से क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत कराने की बात कही गई है।