बस्ती। सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिले में धार्मिक आस्था चरम पर है। शहर के प्रमुख बाजारों में इन दिनों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है। गांधीनगर, मंगलबाजार, बरदहिया, पांडेय बाजार, रेलवे स्टेशन रोड और रोडवेज क्षेत्र की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक पूजा-अर्चना और कांवड़ यात्रा से जुड़े सामान की खरीदारी हो रही है।
बाजार में रंग-बिरंगी कांवड़, भगवा टी-शर्ट, गमछे, ध्वज, डमरू, त्रिशूल, रुद्राक्ष की मालाएं, जलपात्र, कलश, बेलपत्र, चंदन, अगरबत्ती, शिव परिवार की प्रतिमाएं और पूजन सामग्री से सजी दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। श्रीराम, भोलेनाथ और ''बोलबम'' लिखी भगवा टी-शर्ट की बिक्री में भी तेजी आई है। बच्चों के लिए विशेष डिजाइन की छोटी कांवड़ और शिव स्वरूप की पोशाक भी खूब पसंद की जा रही है।
दुकानदार अमन गुप्ता ने बताया कि सावन शुरू होते ही कांवड़ियों की संख्या बढ़ गई है। शहर के अलावा हर्रैया, गनेशपुर, कंपनीबाग, कटरा, रुधौली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। इससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है और कारोबार में अच्छा उछाल आया है।
खाद्य सामग्री के कारोबार में भी बढ़ी मांग
सात अगस्त से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए हाईवे से लेकर भदेश्वरनाथ धाम तक अस्थायी और स्थायी होटल व भोजनालय भी तैयारियों में जुट गए हैं। यात्रा के दौरान पूड़ी-सब्जी, छोले-भटूरे, भोजन और अन्य खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दुकानदार चावल, आटा, मैदा, रिफाइंड, खाद्य तेल और मसालों का पर्याप्त स्टॉक कर रहे हैं। इससे किराना कारोबार में भी तेजी देखने को मिल रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाएगी। नियमित सैंपलिंग कराई जाएगी, ताकि खराब या मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री न होने पाए।
- चितरंजन कुमार सिंह, जिला अभिहित अधिकारी, बस्ती