धनतेरस पर बर्तन की खरीदारी करते लोग फाइल फोटो।
दीपावली के पर्व को लेकर बाजार की रौनक बढ़ गई। शुक्रवार को धनतेरस पर बाजार गुलजार रहा। बड़ी संख्या में लोग बाजार में बर्तन, जेवर, कपड़ा और अन्य सामानो की खरीद करते दिखे। परपंरागत दीयों की खरीददारी भी उत्साहजनक दिखी।
बृहस्पतिवार से ही धनतेरस की तैयारी शुरू हो गई थी। शुक्रवार के दिन सुबह से दुकानों पर लोग खरीददारी के लिए पहुंचने लगे थे। दोपहर से तो दुकानों पर भीड़ लग गई। पुलिस को भी भीड़ नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन करना पड़ा। बर्तन की दुकानो से लेकर ज्वेलरी की दुकानों पर खरीददारों की लाइन लग गई। लोग परिवार के साथ जेवर, बर्तन कपड़ा, मिठाई की खरीददारी करते नजर आए। शाम को शहर में मेले जैसा दृष्य नजर आया। रुट डायवर्जन के बाद भी कंपनी बाग, फौव्वारा चौराहा, रोडवेज तिराहा और गांधीनगर में जाम की स्थिति बनती रही। जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुलिसकर्मियों के पसीने छूटते नजर आए। गांधीनगर से लेकर पुरानी बस्ती आभूषण की दुकानो पर देर शाम तक भीड़ न जर आई। वहीं बर्तन की खरीददारी के लिए लोग बड़ी तादात में दुकानों पर नजर आए। दुकानदार देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ देख प्रसन्न रहे। वहीं चाइनीज बल्ब और झालरों के बहिष्कार के आह्वान के चलते लोग परंपरागत तरीके से दीपावली में रोशनी के लिए दिये, कोसे आदि खरीदते नजर आए। लक्ष्मी और गणेश के मूर्तियों की भी विक्री होती रही। कंपनी बाग से लेकर गांधीनगर तक सड़क किनारे लइया और गट्टा की दुकान लगाने वालों की भी चांदी रही। उनके भी चेहरे पर रौनक नजर आई।