बस्ती। रिक्त चल रहे सोनहा थाने पर एसएचओ की तैनाती के साथ ही कई थानों के थानेदार बदल दिए गए। एसपी अभिनंदन ने तीन प्रभारी निरीक्षकों को अपराध शाखा भेजकर उनकी जगह लंबे समय से साइड लाइन चल रहे इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर को फिर से पारी खेलने का मौका दिया है।
नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक चंदन कुमार को सोनहा थाने की कमान सौंपी गई है। वहां के एसएचओ मोतीलाल राजभर को हाल में ही सामूहिक दुष्कर्म के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया था। गांधीनगर चौकी इंचार्ज विश्व मोहन राय को नगर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में डायल 112 के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को लालगंज का एसएचओ बनाकर वहां से शशांक शेखर राय को अपराध शाखा भेजा गया है।
वहीं, दुबौलिया थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह को इसी पद पर मुंडेरवा और मुंडेरवा से अतुल कुमार अंजान व थानाध्यक्ष कप्तानगंज सुनील कुमार गौड़ को अपराध शाखा भेजा गया है। अपराध शाखा में तैनात आलोक कुमार श्रीवास्तव को कप्तानगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, छावनी थाने पर तैनात हाल में निरीक्षक बने कृष्ण कुमार साहू को दुबौलिया का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। इसी क्रम में एसआई सभाशंकर यादव को पुलिस लाइन से गांधीनगर चौकी, शशांक कुमार सिंह को असनहरा चौकी और अमोढ़ा चौकी प्रभारी हरि राय को टिनिच चौकी का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।