बस्ती। रेल राज्यमंत्री व संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनोज सिन्हा ने सोमवार को बस्ती रेलवे स्टेशन पर जन सुविधाओं की बेहतरी के लिए पांच योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही, बभनान स्टेशन पर मनवर-संगम एक्सप्रेस के ठहराव की घोषणा भी की। केंद्रीय मंत्री ने टू सूईट का एक गेस्ट हाउस बनाए जाने की मांग पर स्वीकृति भी प्रदान की। उन्होंने बस्ती रेलवे स्टेशन पर दोपहर बाद आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
आदर्श रेलवे स्टेशन में शुमार बस्ती स्टेशन को सुविधासंपन्न बनाए जाने की बाबत रेल राज्यमंत्री ने कहा कि रेल सेवा की बेहतरी के लिए चालू वित्तीय वर्ष में एक लाख 48 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें यूपी में ही 72 सौ करोड़ की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहे हैं। कहा कि सभी रेलखंड ब्रॉडगेज होंगे। साथ ही दोहरीकरण और विद्युतीकरण किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बस्ती स्टेशन पर हर सुविधा मौजूद है। यहां दो एस्केलेटर, फ्री वाई-फाई, स्टेशन के उत्तर की ओर से पहुंच मार्ग, ट्रेनों में पानी भरने की सुविधा, माल यातायात संबंधी सुविधाओं के साथ पुरुष, महिला और दिव्यांगों के लिए आधुनिक शौचालय भी जनता को समर्पित किया जा रहा है। कहा कि चार साल में यहां 10 ट्रेनों का विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव हुआ है। दो नई ट्रेनों का परिचालन शुरू हुआ है। आगे भी लगातार सुविधाओं की सौगात मिलती रहेगी।
रेल राज्यमंत्री ने कहा कि रेलवे का जो विकास 25 साल में नहीं हो सका, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में हुआ है। पिछले चार साल में 410 किलोमीटर नई रेलवे लाइन, 576 किमी दोहरीकरण, 293 किमी आमान परिवर्तन तथा 2156 किलोमीटर तक विद्युतीकरण किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने परियोजनाओं को साकार करने वाले कर्मचारी-अधिकारियों की पीठ भी थपथपाई। कहा कि 13.50 लाख रेलकर्मियों की देन है कि चार साल में महकमे में आधारभूत बदलाव आया है। अब नए भारत के निर्माण में रेलवे का महत्वपूर्ण योगदान है। इससे पहले केंद्रीय मंत्री के पहुंचने पर एजीएम सीएल वर्मा और डीआरएम विजय लक्ष्मी कौशिक ने स्वागत किया। कार्यक्रम की समाप्ति के बाद गोरखधाम एक्सप्रेस से केंद्रीय मंत्री रवाना हुए।
-----------
आग्रह से दुराग्रही हो जाते हैं हरीश: सिन्हा
जनसभा में संबोधन के दौरान सांसद हरीश द्विवेदी की रेल राज्यमंत्री ने जमकर तारीफ की। कहा कि आप लोगों को ऐसा सांसद मिला है जो बस्ती जिले के विकास का पहले आग्रह करते हैं और बाद में उसे पूरा करने के लिए रास्ता रोककर खड़े होकर दुराग्रही बन जाते हैं। कहा कि हरीश जी के प्रभाव से ही चार साल में दोबारा आ रहा हूं। ऐसे जनप्रतिनिधि ही विकास के सच्चे वाहक होते हैं। संसद में मिलने पर भी सिर्फ बस्ती के विकास के लिए योजनाओं पर ही बातचीत करते हैं।
------------
इन जनसुविधाओं का लोकार्पण
- बस्ती रेलवे स्टेशन पर 1.9 करोड़ की लागत से दो एक्सेलेटर।
- डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने के लिए 25 लाख रुपये की लागत से फ्री वाई-फाई सुविधा।
- स्टेशन के उत्तरी सिरे से एक करोड़ की लागत से नई कंक्रीट रोड (पहुंच मार्ग)।
- 30 लाख रुपये की लागत से प्लेटफॉर्म संख्या तीन व चार पर ट्रेनों में पानी भरने के लिए सुविधा।
- माल यातायात हैंडलिंग सुविधा के लिए 50 लाख रुपये में गोदाम, कार्यालय निर्माण आदि।
- 20 लाख रुपये में पे एंड यूज प्रसाधन का निर्माण।
- पांच लाख रुपये की लागत से चार सीटर की 25 स्टील बेंच।
-------------
इनकी रही उपस्थिति
सदर विधायक दयाराम चौधरी, महादेवा विधायक रवि सोनकर, हर्रैया विधायक अजय सिंह, कप्तानगंज विधायक सीए सीपी शुक्ल, रुधौली विधायक संजय प्रताप जायसवाल, नगरपालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि पुष्कर मिश्र, भाजपा जिला अध्यक्ष पवन कसौंधन, एसपी दिलीप कुमार, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, प्रत्युष विक्रम सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।