बस्ती। कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रहे जिले के श्रद्धालु चीन के टकलापुर से किसी तरह निकलकर नेपाल के सिमीकोट में फंस गए हैं। पिछले तीन दिनों से खराब मौसम के कारण उड़ानें बाधित रहीं, जिससे यात्री आगे नहीं बढ़ सके। जत्थे में शामिल आवास विकास उत्तरी निवासी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी तरह की परेशानी नहीं है। उनके साथ गांधीनगर निवासी अवधेश गुप्ता व नीना गुप्ता सहित 22 भारतीय श्रद्धालु हैं। इससे पहले सभी हिल्सा में फंसे थे, जहां से हेलीकॉप्टर से सिमीकोट पहुंचे। मौसम में सुधार की संभावना जताई जा रही है और सोमवार को नेपालगंज के रास्ते यात्रियों के घर लौटने की उम्मीद है। संवाद