मांस के लोथड़े मिलने से पालिका कर्मी परेशान
बस्ती। कोरोना से जंग में जुटे सफाई कर्मियों की मुसीबतें कुछ नर्सिंग होम व पैथॉलाजी सेंटर बढ़ रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इन सेंटरों के समीप रखे गए डस्टबिन में मांस के लोथड़े मिल रहे हैं।
बृहस्पतिवार को मालवीय रोड पर सफाई कार्य चल रहा था। नगर पालिका की टीम सफाई करने जब बैरिहवां चौराहे पर पहुंची तो एक नर्सिंग होम के समीप डस्टबिन से कूड़ा उठाते समय मांस का लोथड़ा देखकर सब हैरान रह गए। उन्हें कुछ समय में नहीं आ रहा था कि आखिर वह है क्या। यहीं नहीं बायोवेस्ट को भी इसी डस्टबिन में डाला जा रहा है, जिसमें रुई, पट्टी, सिरिंज आदि शामिल हैं। किसी तरह जान जोखिम में डालकर सफाई कर्मी इन्हें कूड़ा गाड़ी में डालकर इनका निस्तारण कर रहे हैं। इसे लेकर सफाई कर्मियों में नाराजगी भी है। सफाई इंस्पेक्टर सोमकुुमार कहते हैं कि यह पहली बार नहीं, ऐसा कई बार हो चुका है। बताते हैं कि इस संबंध में ईओ नगर पालिका को अवगत करा दिया गया है।
नगर पालिका परिषद के ईओ अखिलेश त्रिपाठी कहते हैं कि मामला संज्ञान में है, संबंधितों को नोटिस भेजकर कार्रवाई की जाएगी।