बभनान रेलवे स्टेशन पर गोरखधाम एक्सप्रेस में हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। बभनान रेलवे स्टेशन पर खड़ी गोरखधाम एक्सप्रेस में परिवार के साथ यात्रा कर रही महिला के गले से मंगलसूत्र व सोने की चेन चोरी हो गई । पीड़िता ने गोंडा में आरपीएफ को प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। आरपीएफ स्टेशन के आसपास सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर चोरों को चिह्नित करने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को देर शाम गोरखपुर से दिल्ली जा रही गोरखधाम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एक में सीट नंबर 33 व 34 पर यात्रा कर रहे उमाकांत ओझा व श्रेया ओझा ने आरपीएफ गोंडा को दिए प्रार्थनापत्र में बताया है कि गोरखपुर-गोंडा के बीच रेलवे स्टेशन बभनान पर गोरखधाम एक्सप्रेस खड़ी हुई। इस बीच बाहर से एक व्यक्ति ने पानी की बोतल दूसरे सीट पर बैठे व्यक्ति को देने के लिए कहा। जैसे ही महिला पानी का बोतल लेने के लिए झुकी। बाहर से बदमाश ने झपट्टा मारकर गले में पहनी सोने की चेन व मंगलसूत्र खींच लिया।
बभनान रेलवे स्टेशन के मेनगेट की तरफ भाग निकला। वीवीआईपी गाड़ी गोरखधाम में पर्याप्त मात्रा में एस्कॉर्ट व आरपीएफ चौकी बभनान के सुरक्षा बल कुछ नहीं कर सके। इस संबंध में आरपीएफ प्रभारी गोंडा नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटनास्थल आरपीएफ बस्ती के क्षेत्र में है। सूचना आरपीएफ बस्ती को दे दी गई है। वही जीआरपी गोंडा प्रभारी अरविंद शर्मा ने बताया कि पीड़ित द्वारा कोई प्रार्थना पत्र जीआरपी को नहीं दिया गया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर जांच पड़ताल की जाएगी। वही आरपीएफ बस्ती प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि आरपीएफ चौकी प्रभारी बभनान की टीम लगाई गई है। गस्त बढ़ाकर अराजक तत्वों को चिन्हित कराया जाएगा।