बस्ती। धर्म छिपाकर युवती को पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के दक्षिण निवासी आरोपी समेत आठ लोगों पर प्राथमिकी दर्ज किया है। यह कार्रवाई एसपी की आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात की है।
कलवारी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को तहरीर में कहा है कि वह बस्ती शहर में एक निजी हॉस्पिटल में काम करती थी। उसने आरोप लगाया है कि जनवरी 2022 में उनके हॉस्पिटल में प्रिंस नामक युवक आया और खुद को हिंदू बताया। बातचीत के दौरान एक दिन उसने मोबाइल नंबर मांग लिया। फिर फोन कर कहा कि उसकी ऊंची पहुंच है। अच्छे हॉस्पिटल में नौकरी लगवा देगाए वेतन भी 20 हजार रुपये मिलेगा।
पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2022 में आरोपी उसे दूसरे हॉस्पिटल के मालिक से मिलवाने की बात कहकर पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के एक लॉज में ले गया और सिर पर तमंचा सटाकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। जब प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही तो वह भावुक हो गया और कहा कि वह उसे बेहद पसंद करता है और शादी करने का झांसा दिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। शादी के लिए दबाव डालने पर कहता था कि पत्नी मान चुका हूं, जल्द ही शादी भी कर लूंगा। झूठा प्यार व भरोसा जताकर आकस्मिक जरूरत बताकर आरोपी ने उससे कई बार में 85 हजार रुपये भी ले लिए। फरवरी 2023 में आरोपी उसे अपने घर ले गया, तब उसके धर्म की जानकारी हुई।
आराेप है कि जब वह अपने घर जाने लगी तो मजहर हुसैन उर्फ आजाद, नवेना खातून, मिस्या उस्मानी एवं बेटू, शान उर्फ सोनू, शमां खान उर्फ शमीम बानो ने जबरदस्ती कमरे में बंद कर मोबाइल छीन लिया। थोड़ी देर बाद आरोपी अजफरूल हक उर्फ प्रिंस व उसके भाई शान ने कमरे में आकर जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्रिंस समेत आठ आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।