रेलवे स्टेशन बस्ती के प्लेट फार्म नंबर दो से एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास चोरी के 25 मोबाइल सेट, मोबाइल की 18 बैट्री, चोरी की एक राडो घड़ी के अलावा नशे के लिए प्रयोग में लाया जाने वाला अल्प्राजोलाम टेबलेट भी बरामद हुआ है। उसका एक साथी पुलिस को देख फरार हो गया।
जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक तरुण कुमार पांडेय को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि ट्रेनों में चोरी करने वाले दो युवक प्लेट फार्म नंबर दो पर मौजूद है। प्रभारी निरीक्षक ने अपने साथ एसआई प्रवीण कुमार और बाबू वारिस और सुरेन सिंह को लेकर प्लेट फार्म नंबर पर पहुंचे तो दोनो युवक भागने लगे। इनमें से एक पुलिस के हाथ लग गया जबकि दूसरा भाग निकला। पकड़े गए युवक ने अपना नाम गयासुद्दीन निवासी मथौली बाजार थाना कप्तानगंज जिला कुशीनगर बताया। भागे युवक के बारे में पूछने पर बताया कि वह नियाज निवासी मथौली बाजार था। पुलिस ने जब गयासुद्दीन की तलाशी ली तो उसके पास चोरी की मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुए। निरीक्षक तरुण पांडेय ने कहा कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथी गुलाले उर्फ गुलाम निवासी केशवापुर दर्शननगर थाना कोतवाली अयोध्या फैजाबाद के साथ रेल यात्रियों को नशीला पावडर खिलाकर उसका सामान चोरी कर लेते हैं। बाद में चोरी के सामान को आपस में बांट लेते है। चोरी की मोबाइलो व सामान के बारे में बताया कि यह गोरखपुर, फैजाबाद देवरिया आदि स्थानो पर ट्रेनो से चुराए है।