- खैर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर खैर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू
- बस्ती, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों की टीमें हुई हैं शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को खैर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मैच मलिक स्पोर्ट्स क्लब बस्ती और गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी सिद्धार्थनगर के मध्य खेला गया। इसमें मलिक स्पोर्ट्स क्लब ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता मरहूम अब्दुल खैर साहब की याद में खेली जा रही है। प्रतियोगिता में बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोंडा, आंबेडकरनगर, अयोध्या और गोरखपुर की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन कॉलेज के प्रबंधक हमीदुल्लाह खान और प्रधानाचार्य वहीउद्दीन मालिक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उद्घाटन मैच गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी सिद्धार्थनगर और मलिक स्पोर्ट्स क्लब बस्ती के बीच खेला गया। मैच में गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी सिद्धार्थनगर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मलिक स्पोर्ट्स क्लब बस्ती ने निर्धारित 35 ओवर के मैच में छह विकेट खोकर 278 रन का स्कोर बनाए।
टीम की ओर से आशीष चौहान ने शतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी में 122 गेंद पर 167 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गौतम बुद्ध क्रिकेट अकादमी 29.02 ओवर में 196 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और बस्ती टीम ने 82 रन से मैच जीत लिया। सिद्धार्थनगर टीम की ओर से विकास यादव ने 51 रन और सत्येंद्र ने 48 रन का योगदान दिया। मलिक स्पोर्ट्स क्लब से शानदार गेंदबाजी करते हुए साकिब ने चार विकेट झटके। आशुतोष और एहसान ने तीन-तीन विकेट लिए। शानदार प्रदर्शन करने वाले आशीष चौहान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस अवसर पर क्रिकेट कोच आलोक वर्मा, प्रशांत गुप्ता, जैक्सन, विकास, राजेश पाल, सुमिर गोयल आदि मौजूद रहे।