जिला महिला अस्पताल में बच्चे को विटामिन-ए खुराक पिलाकर अभियान शुरू करते सीएमओ डॉ. राजीव निगम
बस्ती। राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. राजीव निगम और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर व फीता काटकर शुभारंभ किया।
बुधवार व शनिवार को होने वाले टीकाकरण सत्र पर विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि पांच साल में नौ बार विटामिन-ए की खुराक पिलाई जानी है। बच्चों में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन-ए की खुराक दी जाती है। इससे बच्चे तमाम तरह की बीमारियों से सुरक्षित रहते हैं। अगर कोई बच्चा संक्रमित भी होता है तो बीमारी बहुत प्रभावी नहीं हो पाती है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि लगभग 3.5 लाख बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई जानी है।
सभी सीएचसी पर विटामिन-ए की खुराक भेजी जा रही है। सभी एएनएम को निर्देशित किया गया है कि गाइड लाइन के अनुसार सुरक्षित तरीके से बच्चों को विटामिन की खुराक पिलाएं। सीएमएस जिला महिला अस्पताल डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि महिला अस्पताल में सप्ताह के सातों दिन टीकाकरण किया जा रहा है। लोगों को चाहिए कि वह टीकाकरण का कार्ड बनवाकर चार्ट के अनुसार बच्चों को टीका लगवाएं।
अर्बन हेल्थ कोऑर्डिनेटर सचिन चौरसिया ने बताया कि सोमवार को छोड़कर शेष दिन अर्बन हेल्थ पीएचसी नरहरिया व बरदहिया में टीकाकरण हो रहा है। जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधिकारी राजेश चौधरी ने कहा कि टीकाकरण को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।