डाक व्यवसाय मेले का आयोजन
निदेशक बोले-सुकन्या समृद्धि योजना से सुरक्षित होगा बेटियों का भविष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। स्टेशन रोड स्थित एक निजी होटल में मंगलवार को डाक विभाग की ओर से डाक व्यवसाय मेले का आयोजन किया गया। इसमें डाक बीमा व ग्रामीण डाक बीमा योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि निदेशक डाक सेवाएं गोरखपुर आरवी चौधरी ने श्रेष्ठ कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि डाक कर्मी अपने क्षेत्र में डोर-टू-डोर संपर्क कर नागरिकों को सुविधाओं के बारे में जागरूक करते हुए उन्हें विभिन्न योजनाओं से जोड़ें।
निदेशक ने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा। इस योजना के बारे में जन जागरूकता फैलाने की जरूरत है। अभिभावकों को इसके लाभ के बारे में जानकारी दें। इसके अलावा डाकघर बचत बैंक योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। सभी परिवारों को डाक बीमा व ग्रामीण डाक जीवन बीमा से जोड़ने के लिए काम करें।
अधीक्षक डाकघर रवि कुमार ने बताया कि जून माह में डाक जीवन बीमा व ग्रामीण डाक जीवन बीमा के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक करीब 12 लाख, 49 हजार, 756 रुपये का कुल प्रीमियम हुआ है। महा मेले में दोपहर एक बजे तक करीब 35 लाख, 58 हजार, 825 रुपये नई पॉलिसी के प्रीमियम के रूप में जमा हुआ है।
कार्यक्रम में बचत बैंक खाता खोलने का व्यवसाय करने वाले टाॅप तीन कर्मचारियों को निदेशक ने सम्मानित किया। इसके अलावा आईपीपीबी का खाता खोलने, एईपीएस, आधार बनाने व मोबाइल नंबर अपडेट करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर रविशंकर श्रीवास्तव, सहायक अधीक्षक खलीलाबाद अशोक कुमार सिंह, बांसी वीरेंद्र कुमार मौर्य, बस्ती डीके भारती, सूर्य प्रकाश पटेल, भीम प्रसाद, बसंत कुमार, राजेश यादव, राजेश पांडेय, विजय ओझा आदि मौजूद रहे।