डीएम ने कलक्ट्रेट सभागार में हुई अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक में दिए निर्देश
एक अक्तूबर से शुरू होगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की सफलता के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। डीएम रवीश गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनपद स्तरीय द्वितीय अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने सभी संबंधित विभागों विशेष कर स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि संचारी तथा डेंगू रोग नियंत्रण के लिए आवश्यक गतिविधियां एवं कार्रवाई समय से पूरी करें। जिला अस्पताल, मेडिकल काॅलेज से संबंद्ध कैली अस्पताल व सभी सीएससी-पीएचसी में डेंगू की जांच, उपचार व मच्छरदानी युक्त बेडों की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्तूबर तथा दस्तक अभियान 11 से 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। अधिक से अधिक रक्तदान करने की अपील की गई। अधीक्षक जिला चिकित्सालय बस्ती डाॅ. वीके सोनक, सीएमएस महिला अस्पताल डाॅ. एके वर्मा को निर्देश दिए कि सेवा ब्लड केंद्र से समन्वय स्थापित करें, ताकि ब्लड केंद्र बस्ती के माध्यम से प्लेटलेट की उपलब्धता आवश्यकता अनुसार कराई जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आरएस दुबे ने बताया कि सभी सीएचसी, पीएचसी पर आवश्यक दवाएं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। रोटरी क्लब बस्ती सेंट्रल के सचिव लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि रोटरी चला गांव की ओर कार्यक्रम के तहत डेंगू, चिकनगुनिया, फाइलेरिया तथा इंसेफेलाइटिस से प्रभावित क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
संचालन करते हुए जिला मलेरिया अधिकारी आईए अंसारी ने बताया कि डेंगू एवं चिकनगुनिया प्रभावित गांवों में 48 घंटे के अंदर ही निरोधात्मक कार्रवाई कर ली जा रही है। इस दौरान जयदेव सीएस, जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहे।