मास्क लगाकर ही बना सकेंगे भोजन
शासनादेश के बाद खाद्य सुरक्षा टीम हुई सक्रिय
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेस्टोरेंट और ढाबों के किचेन में कैमरे लगाने का फरमान जारी हो गया है। कुक और वेटर को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। खाद्य सामग्री के परोसने और तैयार करने वालों के तमाम वीडियो वायरल होने के बाद शासन ने यह कदम उठाया है।
अभिहित अधिकारी धर्मराज मिश्र ने बताया कि खाद्य विभाग की टीम होटल-ढाबा संचालकों से इसके लिए संपर्क कर रही है। जल्द ही जिस होटल ,ढाबे या रेस्टोरेंट के किचेन में सीसीटीवी नहीं लगे पाए गए तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कुक मास्क और हाथ में ग्लव्स जरूर पहनेंगे। सफाई का पूरा ध्यान भी देना होगा।
जिले में 50 से अधिक होटल-रेस्टोरेंट और करीब दो सौ ढाबे चल रहे हैं। फोरलेन के किनारे के ढाबे 24 घंटे मुसाफिरों को सेवा देते हैं। अब तक उनकी रसोई में काम करने वाले कारीगरों पर खास पाबंदी नहीं थी। मगर, हाल के कुछ महीनों में अलग-अलग जिलों से आपत्तिजनक तरीके से भोजन तैयार करने और परोसते समय लापरवाही बरतने को लेकर विवाद उठते रहे हैं। इसके मद्देनजर निगरानी और जवाबदेही बढ़ाई गई है।
अभिहित अधिकारी ने कहा कि ढाबों, होटलों सहित अन्य स्थान जहां खाद्य सामग्री परोसी जा रही है, उसके किचेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग संचालकों को सुरक्षित रखनी होगी। बताया कि जल्द ही कैमरे लगवाने की कवायद तेज की जाएगी। शासन की मंशा है कि लोगों को स्वच्छ व अच्छी खाद्य सामग्री मिले। साथ ही, पूरी सफाई व्यवस्था के साथ होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक ग्राहकों को खाद्य सामग्री परोसें।