शनिवार को भी लोग नोट के लिए जूझते रहे। अधिकांश बैंको में कैश न होने से लोग निराश लौट गए तो शहर से लेकर देहात तक में स्थापित अधिकांश एटीएम के शटर गिरे मिले। जिन एटीएम पर रकम होने की सूचना मिली उन पर सुबह से लाइन लग गई।
शहर के एसबीआई की कोर्ट एरिया शाखा का एटीएम बंद रहा। कटरा स्थित एसबीआई के एटीएम का भी यही हाल रहा। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास स्थित एसबीआई की व्यैक्तिक शाखा का एटीएम भी बंद मिला। पीएनबी का फौव्वारा तिराहा स्थित एटीएम, एपीएन पीजी कॉलेज के पास स्थित सेंट्रल बैंक का एटीएम, आईसीआईसीआई का कंपनीबाग, गांधीनगर, कटरा स्थित एटीएम भी बंद रहा। रोडवेज तिराहा, कंपनी बाग स्थित एचडीएफसीका एटीएम चालू रहा। एक्सिस बैंक, आंध्रा बैंक, न्याय मार्ग स्थित यूनियन बैंक, अरबन कोआपरेटिव बैंक के एटीएम भी कैशलेस रहा। शनिवार को शहर में स्थिति अधिकांश एटीएम कैश न होने के कारण चालू नहीं हो सके। इक्का दुक्का एटीएम शनिवार की देर शाम को चालू हुई तो उन पर भी लंबी कतारें लग गई। शहर में स्थिति कुछ बैंको की शाखाओं ने भुगतान किया, मगर ग्रामीण क्षेत्र की शाखाओं में कैश की कमी बनी रही।
सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार नोट बंदी के 25 वें दिन भी आम आदमी के सामने पैसे का संकट बरकरार है। रुपये का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे रहा है। पीएनबी सल्टौआ में शनिवार को बैंक कर्मियों की ओर से गेट में ताला लगाकर चले जाने पर नाराज खाताधारकों ने प्रदर्शन कर सरकार व बैंक कर्मियों के विरुद्ध नारेबाजी की।
क्षेत्र के मुन्नीलाल, अश्वनी कुमार,संदीप कुमार, विमला देवी, पुष्पा देवी, रेशमा, शशिकला, फूलमती, केसरा,कुशलावती देवी, राजमती, राधेश्याम, रामराज, राकेश कुमार, सुरेश आदि ने वताया कि ठंडक के बावजूद सुबह से ही वह बैंक पर लाइन लगाकर इस उम्मीद में खड़े थे कि आज कैश मिलेगा, मगर बैंक कर्मियों ने कैश न होने की बात कहकर गेट पर एक नोटिस चस्पा करने के बाद चले गए। यही हाल पीएनबी भिरिया व भारतीय स्टेट बैक सल्टौआ का भी रहा यहां भी किसी को भुगतान नहीं किया गया। कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक कलवारी में लोगों को कुछ रकम का भुगतान किया गया, जबकि कुसौरा में स्थापित एसबीआई का एटीएम बंद रहा। ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।