बस्ती। जिले के 39 पीएचसी/सीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन हुआ। मेला में सर्दी-जुकाम, खांसी व पेट दर्द के रोगी अधिक आए। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच की और परामर्श दिए। कुल, 1241 मरीजों की सेहत जांची गई। अधिकांश वायरल संक्रमण के मरीज रहे।
मेला में एलोपैथ चिकित्सकों की संख्या कम होने से मरीजों को असुविधा हुई। कहीं-कहीं संसाधनों का भी टोटा दिखा, इससे मरीजों को लाभ नहीं मिला और जैसे-तैसे जांच कराकर वापस गए। बताया गया कि कई पीएचसी पर आयुष डॉक्टर और फार्मासिस्ट ने मेला में मरीजों की जांच कर दवाएं दी। नगरीय पीएचसी बरदहिया में डॉ. इंद्रावती कुमारी ने 46 मरीजों की जांच की। वहीं, पीएचसी नरहरिया में डॉ. आरपी सिंह ने 54 मरीजों को परामर्श दिए। बभनान संवाद के अनुसार, पीएचसी बभनान में एलोपैथ डॉक्टर नहीं थे तो होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष गुप्ता ने मरीजों की जांच कर दवाएं दी। कुल, 58 मरीजों की सेहत जांची गई। सर्दी-जुकाम, खांसी, पेट दर्द के मरीज अधिक रहे। फार्मासिस्ट आशुतोष कुमार शुक्ला ने दवाएं बांटी। फार्मासिस्ट राजकरन चौधरी, फार्मासिस्ट कृपा शंकर शुक्ला, सुरेंद्र सिंह, एएनएम श्वेता देवी ने सहयोग किया। बनकटी संवाद के अनुसार, पीएचसी बनकटी आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में सन्नाटा दिखा। दो बजे तक सिर्फ 20 मरीजों की जांच हुई। डॉ. अभिषेक यादव ने बताया कि पेट दर्द, उल्टी-दस्त के मरीज अधिक रहे। मरीज ललिता शुक्ला, गीता देवी, अजय कुमार ने बताया कि मेला महज औपचारिकता है। एक्स-रे रूम बंद मिला। स्ट्रिप न होने से शुगर जांच नहीं हो पाई। फार्मासिस्ट पीसी पांडेय, सत्यदेव मिश्र ने सहयोग किया। मुंडेरवा संवाद के अनुसार, सीएचसी पर 19 मरीज आए। डॉ. अंकुर शुक्ल ने बताया कि गर्मी के कारण डायरिया के मरीज अधिक आए। फार्मासिस्ट अखिलेश श्रीवास्तव ने दवाएं दी। एएनएम बबिता अग्रहरि, अनिल कुमार, ओपी यादव ने सहयोग किया। पीएचसी ओड़वारा पीएचसी पर डॉ. अभिषेक सिंह ने 16 मरीजों की जांच की। कई मरीज डिहाइड्रेशन के रहे। फार्मासिस्ट जगदंबा चौधरी ने दवाएं दी, ज्योत्सना सिंह ने सहयोग किया।
सीएचसी बहादुरपुर में 13 मरीजों का हुआ इलाज : कलवारी। सीएचसी बहादुरपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के अंतर्गत रविवार को 13 मरीजों का इलाज किया गया। डाॅ. प्रीति त्रिपाठी ने बताया कि मेला में बुखार, पेट दर्द, उल्टी, घुटना दर्द, त्वचा संबंधित मरीज आए। फार्मासिस्ट एके दीक्षित ने दवाएं बांटी। एलटी राजेश कुमार, स्टाफ नर्स कल्पना मिश्रा, वार्ड ब्वॉय दीपचंद तथा स्वीपर रमजान ने सहयोग किया।
भानपुर में 125 मरीजों की जांची गई सेहत : भानपुर। सीएचसी भानपुर के अधीन तीन पीएचसी पर आयोजित जन आरोग्य मेला में 125 मरीजों की सेहत जांची गई। पीएचसी सगरा में डॉ. बृजनंदन ने 56 मरीजों की जांच की। फार्मासिस्ट देवेंद्र पटेल ने दवाएं दी। पीएचसी परसाकुतुब में 36 मरीजों की जांच डाॅ. अजय सिंह ने की। फार्मासिस्ट संजय कुमार ने दवाएं बांटी। पीएचसी करमहिया में डॉ. अमिष कुमार ने 33 मरीजों को परामर्श दिए। फार्मासिस्ट राम प्रकाश मौर्य ने सहयोग किया।