कप्तानगंज नगर पंचायत में बना पिंक शौचालय बंद पड़ा।
बाजार आने वाली महिलाओं को होती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज क्षेत्र के पांडूल रोड पर महिलाओं के लिए पिंक शौचालय का निर्माण कराया गया है। निर्माण के बाद से ही शौचालय पर ताला लटक रहा है।
महिला डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज सहित प्राथमिक व जूनियर विद्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डाकघर, नगर पंचायत कार्यालय, थाना तमाम सरकारी व गैर सरकारी प्रतिष्ठान कस्बे में हैं। रोज बड़ी संख्या में लोग कप्तानगंज बाजार आते हैं। नगर पंचायत गठन के बाद भी यह कस्बा मूलभूत सुविधाओं के लिए जद्दोजहद कर रहा है।
कस्बे में शुद्ध पेयजल की बेहतर व्यवस्था न होना भी एक समस्या है। बाजार आने वाले नागरिकों को यदि यूरेनल व शौचालय का प्रयोग करना हो तो उनके लिए कोई सुविधा कस्बे में नहीं देखी जा सकती है। पिंक शौचालय पर लटकता हुआ ताला महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों की उदासीनता दिखाता है।