बस्ती। लकड़ी की पाटी से पीटकर बुजुर्ग की हत्या के मामले में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शमसुल हक की अदालत ने गोपी शर्मा को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उस पर 18 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर सात माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी।
जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) परिपूर्णानंद पांडेय ने बताया कि मामला परशुरामपुर क्षेत्र के निपनिया गांव का है। यहां के राजेश चौहान ने तहरीर में बताया था कि 24 अप्रैल 2025 को शाम करीब सात बजे उनके पिता बुद्धिराम चौहान सब्जी खरीदने खम्हरिया चौराहे गए थे। वहां से लौटते समय उन्होंने मेढ़ाये नहर पुलिया से फोन कर बताया कि गोपी शर्मा (बढ़ई) उन्हें लकड़ी की पाटी से पीट रहा है।
राजेश मौके पर पहुंचे और गोपी को मारने से मना किया। आरोपी ने उन्हें भी मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर आरोपी भाग गया। बुद्धिराम को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। राजेश के अनुसार, कुछ दिन पहले बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर गोपी ने उनके परिवार को गांव में नहीं रहने देने की धमकी दी थी। इसी रंजिश में उनके पिता पर हमला किया गया।
पुलिस ने गोपी शर्मा के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया। अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने गोपी शर्मा को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और 18 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।