बस्ती। 47 यूपी बटालियन एनसीसी बस्ती के कार्यालय परिसर में शनिवार को स्टॉर सेरेमनी कार्यक्रम का आयोजन हुआ। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल किसलय दुबे ने लेफ्टिनेंट जितेंद्र कुमार सिंह शाही और डॉ. राजेश यादव को कैप्टन की रैंक लगाकर सम्मानित किया। कैप्टन बनने पर दोनों लोगों ने एनसीसी के विस्तार का संकल्प लिया।
कमान अधिकारी ने कहा कि ले. जितेंद्र शिव हर्ष किसान इंटर कॉलेज बस्ती में अंग्रेजी के प्रवक्ता पद पर तैनात हैं। विगत 8 वर्षों से वह एनसीसी में लेफ्टिनेंट के पद पर अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। जबकि डॉ. राजेश रतन सेन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बांसी सिद्धार्थनगर में भूगोल विभाग में अध्यापन का कार्य करते हैं। वह भी लेफ्टिनेंट के रूप में एनसीसी को अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। दोनों एनसीसी अफसरों को उनकी कार्य निष्ठा और लगन को देखते हुए एनसीसी में कैप्टन के रैंक से नवाजा गया है।