बस्ती। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य
ने कहा कि छात्रसंघ को अराजकता और अपराध का केंद्र न बनने दें। कॉलेज में
गुरु-शिष्य की परंपरा को और समृद्ध व सुदृढ़ करने की जरूरत है। तभी शिक्षा
और विद्यार्थी का विकास होगा।
नेता प्रतिपक्ष मौर्य मंगलवार को
एपीएन पीजी कालेज में छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की ओर से
स्वागत सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा
कि कई बार छात्रसंघ पदाधिकारी व्यापारियों से उगाही आदि गतिविधियों में
लिप्त हो जाते हैं। लखनऊ में ऐसे माहौल को देखते हुए बसपा इसका विरोध करती
है। कहा कि छात्रसंघ के पदाधिकारियों को स्वच्छ छवि रखते हुए भविष्य में
अपनी और छात्रों की जिम्मेदारी निभानी होगी।
बसपा नेता ने छात्रसंघ
अध्यक्ष महिपाल पटेल, कोषाध्यक्ष दिवाकर, कला संकाय प्रतिनिधि मोहम्मद
अजीम, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि मोहम्मद सलमान को जीत की बधाई दी। उन्हें
मिलकर महाविद्यालय की बेहतरी के लिए प्रयास करने की नसीहत दी। उन्होंने
पार्टी के जनप्रतिनिधियों को छात्रों व छात्र संघ के पदाधिकारियों की मांग
के अनुरूप उनकी समस्याओं का निदान करने में सहयोग देने को कहा।
इसके
पहले कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के साथ ही विशिष्ट अतिथि पूर्व
कैबिनेट मंत्री व कप्तानगंज के विधायक रामप्रसाद चौधरी, सदर विधायक
जितेंद्र कुमार उर्फ नंदू चौधरी आदि के साथ मां सरस्वती के चित्र पर
माल्यार्पण से की। पूजा चौधरी ने सरस्वती वंदना की। शुभम गुप्ता व साथियों
ने ग्रुप में सरस्वती वंदना किया।
रामबुझारत बौद्ध ने बुद्ध वंदना
की। सृष्टि सिंह ने जय हो गीत से जोश भरा तो शुभम ने भजन सुनाया। सौम्या ने
...जब हम बूढ़े होंगे... गीत सुनाकर सभी को गुदगुदाया। वर्तिका अग्रहरि ने
‘प्रेम रतनधन पायो’ गीत पर नृत्य कर सभी की वाहवाही लूटी। इस मौके पर
विशिष्ट अतिथि रामप्रसाद चौधरी, पूर्व विधायक राजेंद्र चौधरी, अभय प्रताप
सिंह, बलराम मौर्य, बसपा जिलाध्यक्ष केके गौतम, पुष्पा चंद्रा, सतीश सिंह,
जोनल कोऑर्डिनेटर कृपाशंकर एडवोकेट, पूर्व विधायक दूधराम, हर्रैया विधानसभा
प्रभारी अनिल सिंह, अरविंद मौर्य, जितेंद्र पटेल आदि मौजूद रहे।
कॉलेज गेट बनवाने के साथ इंटरलाकिंग कराएंगे सदर विधायक
स्वागत
सम्मान समारोह के मंच से नवनिर्वाचित अध्यक्ष महिपाल पटेल ने सदर विधायक
से कॉलेज के लिए भव्य गेट और परिसर में आने वाले रास्ते को इंटरलॉकिंग
कराने की मांग रखी। सदर विधायक ने सबके सामने एलान किया कि वे एपीएनपीजी
कॉलेज के प्रवेश द्वार पर भव्य गेट और रास्ते पर इंटरलॉकिंग कराएंगे।