हर्रैया। तीन दिन पहले कप्तानगंज क्षेत्र में लेखपाल के रिश्वत लेने संबंधी वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम सतेंद्र सिंह ने बुधवार को आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है। इससे लेखपाल संवर्ग में आक्रोश है। लेखपालों ने कार्य बहिष्कार कर निलंबन वापस लेने की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। लेखपाल जितेंद्र नायक की कथित पिटाई के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष कृष्ण मोहन पटेल के नेतृत्व में आक्रोशित लेखपालों ने नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की। कृष्ण मोहन पटेल ने कहा कि लेखपालों के साथ लगातार बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। क्षेत्र में लेखपाल असुरक्षित माहौल में काम करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि कप्तानगंज की घटना में लेखपाल को पीटने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस अब तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल नहीं भेजा जाता, तब तक संघ कार्य बहिष्कार जारी रखेगा और धरना चलता रहेगा। संवाद