कैली अस्पताल में आक्सीजन पाइप लीक होने पर मची अफरा तफरी।
सीएमएस बोले- पाइप लीक होना सामान्य बात, नहीं मची अफरा-तफरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक चिकित्सालय कैली में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे ऑक्सीजन पाइप में लीकेज होने से वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। सूचना के थोड़ी देर बाद अस्पताल कर्मियों के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हुई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को अस्पताल के पीआईसीयू में लगा ऑक्सीजन पाइप लीक गया। पाइप से ऑक्सीजन का रिसाव तेज आवाज के साथ होने लगा। इस बीच अस्पताल में भर्ती मरीज व तीमारदार डरकर भागने लगे। मरीजों व तीमारदारों ने समझा कि ऑक्सीजन पाइप फट गई है, मगर जांच के बाद पता चला कि रिसाव पाइप के ढीला होने के कारण हो रहा है।
सीएमएस डॉ एएन प्रसाद ने कहा कि ऑक्सीजन पाइप लीक होने की बात संज्ञान में है। इसमें ऐसी कोई बात नहीं थी। एकाध मरीज पीआईसीयू से निकल गए थे, मगर कोई और गड़बड़ी नहीं हुई। सबकुछ सामान्य है। पाइप ढीला होने के तत्काल बाद उसे दुरुस्त कर दिया गया।