विकास भवन के थर्ड प्लोर पर लिफ्ट में दो लोगों के फंसे होने की सूचना पर जुटी भीड़ संवाद
बस्ती। विकास भवन में लाइट गुल हो जाने से शनिवार दोपहर लिफ्ट का संचालन अचानक बंद हो गया। इस दौरान लिफ्ट में सवार एक वरिष्ठ अधिवक्ता और एक फरियादी को 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रह कर परेशान होना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। इस दौरान सांसें अटकी रहीं।
बता दें कि विकास भवन में बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था न होने से लाइट जाते ही लिफ्ट बंद हो जाती है। सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में लिफ्ट का ऑटोमेटिक सिस्टम उसे ग्राउंड फ्लोर पर लाकर दरवाजा खोल देता है। लेकिन शनिवार को ऐसा नहीं हुआ। करीब एक बजे सिविल बार के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल त्रिपाठी अपने एक साथी के साथ ग्राउंड फ्लोर से थर्ड फ्लोर के लिए चले तो बीच में ही लाइट चली गई। लिफ्ट नीचे नहीं आई। संयोग था कि उनके पास फोन था। कई लोगों के पास संपर्क किए। इसके बाद जानकारी हुई कि दो लोग लिफ्ट में फंसे हैं।
बताया गया कि ऐसे में अधिवक्ता और फरियादी ने सारे बटन दबाए तो लिफ्ट में किसी के फंसे होने की सूचना कर्मचारियों को लगी। इस दौरान कई बटनों को एक साथ दबा देने के कारण लिफ्ट अटकी रही। इसकी सूचना पर जिला विकास अधिकारी कार्यालय समेत अन्य कर्मचारियों ने दौड़ लगाई। लिफ्ट को तीसरी मंजिल पर कर्मचारियों की मदद से खुलवाया तब जाकर लिफ्ट में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया और उन्होंने राहत की सांस ली। करीब डेढ़ बजे बिजली भी आ गई। इसके बाद लिफ्ट का संचालन दोबारा शुरू हुआ।