संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सुहाई निवासी राधिका देवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ग्राम विकास अधिकारी समेत नौ लोगों पर उसे मृत दिखाकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने के मामले में केस दर्ज किया है।
राधिका देवी की तहरीर के मुताबिक, पति कृष्णदेव की मृत्यु 2003 में हो गई थी। उनकी सारी संपत्ति उसके नाम से हो चुकी थी। इसी बीच देवर-देवरानी और भतीजों ने ग्राम विकास अधिकारी की मिलीभगत से उन्हें परिवार रजिस्टर में मृत दिखा दिया और उनकी सारी संपत्ति अपने नाम करवा ली। जबपता चला तो उसने एसडीएम से लेकर थाने तक फरियाद की। एसडीएम ने सारी अचल संपत्ति पर स्थगन आदेश दे दिया था। इधर, पुलिस ने तत्कालीन व वर्तमान ग्राम विकास अधिकारी समेत देवर केशरीनंदन, भतीजा सूरज कुमार, मनोज कुमार, देवनाथ, फूलमती, हरिनंदन पांडेय व इंद्रदेव पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।