जिले की 1500 महिलाओं को 31 मार्च तक प्रशासन बनाएगा लखपति
बस्ती। लखपति महिला योजना के अंतर्गत जिले की 1500 महिलाओं को 31 मार्च 2023 तक लखपति बनाने का खाका प्रशासन ने तैयार कर लिया है। इसके लिए डीएम प्रियंका निरंजन ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश मंगलवार को दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से लखपति महिला योजना का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं के लाभार्थियों का चयन करके उनकी आय प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक करने की योजना है। डीएम ने बताया कि बस्ती सहित प्रदेश के 11 जिलों में यह योजना लागू की गई है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रदेश के केवल 11 जनपदों का चयन किया गया है। डीएम ने कृषि, उद्यान, गन्ना, उद्योग, पशुपालन ,रेशम, विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह महिला लाभार्थियों का चयन करके उनकी आय में वृद्धि का अवसर प्रदान करें। कहा कि विद्युत विभाग महिला सखियों को अधिक से अधिक धनराशि के विद्युत बिल भुगतान कराने की सहूलियत प्रदान करें। बीडीओ को निर्देशित किया कि ऐसी लाभार्थी महिलाओं का चयन करके विभिन्न योजनाओं से जोड़ें तथा भारत सरकार की लखपति महिला योजना का प्रभावी संचालन करें।
इस मौके पर सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता विद्युत सुशील कुमार मौर्य, सहायक निदेशक रेशम रितेश सिंह, उप निदेशक कृषि अनिल कुमार, सीवीओ डॉक्टर अश्वनी तिवारी आदि मौजूद रहे।