सड़क हादसे में कुशीनगर के व्यवसायी की मौत, तीन गंभीर
बस्ती। फोरलेन पर छावनी थाना अंतर्गत शंकरपुर के पास मवेशी से टकराकर कार अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई। सोमवार की देर रात हुए हादसे में कुशीनगर के दवा व्यवसायी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार चालक समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल अयोध्या भेजा। थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि सूचना पाकर मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर शव लेकर चले गए। कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के रामकोला निवासी रौनक अग्रवाल (42) दवा का कारोबार करते थे। पुलिस के अनुसार, रौनक के साथ रामकोला, कुशीनगर के आशीष मौर्या (30), राहुल तिवारी निवासी फुलवरिया मगरी, कुशीनगर और कम्हरिया थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर निवासी कार चालक जामिन अली उर्फ राजू (37) खाटू श्याम की यात्रा के लिए निकले थे।
जयपुर, मथुरा, वृंदावन, आगरा होते हुए सभी सोमवार को कुशीनगर लौट रहे थे। लखनऊ-गोरखपुर फोरलेन पर छावनी थाना अंतर्गत शंकरपुर के पास एक मवेशी से सोमवार की देर रात करीब साढ़े 11 बजे उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अंदर सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास में स्थित ढाबा पर मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। पुलिस की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में रौनक की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। घायल राहुल, आशीष और चालक जामिन अली को एंबुलेंस से जिला अस्पताल अयोध्या भेज दिया गया। सूचना पाकर मृतक रौनक के भाई सुमित अग्रवाल कुशीनगर से छावनी पहुंचे और शव को लेकर रवाना हो गए।