कप्तानगंज। 95 प्रतिशत अंकों के साथ हाई स्कूल में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली मां दुर्गा अभिलाषा इंटर कॉलेज कप्तानगंज की छात्रा कृति मिश्रा डॉक्टर बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। कृति की पूरी शिक्षा विद्यालय की पढ़ाई पर निर्भर है। किसी कोचिंग संस्थान का कोई सहारा इन्होंने नहीं लिया है। गणित जैसे कठिन विषय में श-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली कृति अभी से ऑनलाइन माध्यम से नीट की तैयारी में जुट गई हैं। बताती हैं कि स्कूल की पढ़ाई के बाद वह घर में 5 घंटे नियमित अध्ययन करती हैं। हालांकि, उन्हें इस बात का मलाल है कि वह अपने निर्धारित लक्ष्य 98 प्रतिशत अंक से थोड़ा सा पीछे रह गईं। वह सोशल मीडिया के किसी प्लेटफार्म का उपयोग नहीं करती हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय वह अपने बाबा अशोक कुमार मिश्र, दादी पद्मावती मिश्रा, नानी राजपति, पिता संजय मिश्र, मां रेनू मिश्रा, बुआ प्रज्ञा, प्रिया व रिचा के साथ अपने शिक्षकों को देती हैं।