डीएम रवीश गुप्ता के साथ निरीक्षण पर निकली एक दिन की डीएम- संवाद
बस्ती। मिशन शक्ति फेज-5 के तहत हाई स्कूल परीक्षा-2025 में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली मां दुर्गा अभिलाष इंटर कॉलेज, कप्तानगंज की छात्रा कृति मिश्रा सोमवार को एक दिन के लिए बस्ती की डीएम बनीं। सुबह 10:30 बजे कार्यालय पहुंचने के बाद कृति ने जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, अपर जिला अधिकारी प्रीति पाल सिंह और एसडीएम सदर के साथ जनसुनवाई शुरू की।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किए। दौलत चक रुधौली निवासी रामचंद्र ने गन्ने के भुगतान की समस्या उठाई, जिस पर कृति ने डीसीओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। सिसवारी, बहादुरपुर की दीपा मौर्य ने रोजगार उपलब्ध कराने की गुहार लगाई, जबकि कप्तानगंज की उर्मिला देवी ने अपने रास्ते पर अतिक्रमण हटाने की मांग की। इसके लिए सेवायोजन अधिकारी और एसडीएम हरैया को निर्देशित किया गया। इसके अलावा सदर ब्लॉक की दुलारी, कछिया गौर की सुनीता और गौसेसीवीपुर कुदरहा के लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया गया।
जनसुनवाई के बाद कृति ने कोर्ट रूम में जिलाधिकारी के साथ न्यायालयी कार्रवाई का संचालन किया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज के कैली परिसर में नए वार्डों के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता का मूल्यांकन करते हुए उन्होंने टायलिंग और जलापूर्ति में सुधार हेतु प्रधानाचार्य को निर्देश दिए।
कृति मिश्रा ने बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनने का है, लेकिन भविष्य में सिविल सर्विसेज में भी भाग लेने का इरादा है। उन्होंने अपने विद्यालय परिवार, पिता अशोक मिश्र, संरक्षक हरिशंकर पांडेय, प्रधानाचार्य कुंदन मणि त्रिपाठी, शिक्षक देवा यादव, आनंद द्विवेदी, हरिश्चंद्र त्रिपाठी, अशोक चौधरी, पूनम यादव आदि का आभार व्यक्त किया।
डीएम रवीश गुप्ता के साथ निरीक्षण पर निकली एक दिन की डीएम- संवाद