हिंदी में डाटा है फीड कंप्यूटर मांग रहा अंग्रेजी में इनपुट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3983 पात्र किसानों का नाम हिंदी में अपलोड किया गया है। जिससे इन्हें सम्मान निधि योजना की किस्तें नहीं मिल रही हैं।
किसान सम्मान निधि योजना के शुुरूआती चरण में पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल का डाटा उपयोग में लाया गया था। इस पोर्टल पर किसान अपना पंजीकरण खुद करते थे। इसलिए इसमें बड़ी संख्या में खामियां थीं। लेकिन पीएम-किसान योजना के शुरूआत में शासन ने इसी पोर्टल के डाटा का उपयोग किया था। हाल ही में इसी पोर्टल पर पंजीकृत 3983 किसानों की सूची शासन से कृषि विभाग प्राप्त हुई। इसे ठीक कराने के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है।
सिर्फ अंग्रेजी स्वीकार करता है सॉफ्टवेयर
उप कृषि निदेशक डॉ. एसके त्रिपाठी बताते हैं कि पीएम-किसान योजना की किस्तें सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (पीएफएमएस) से प्राप्त होती हैं। चूंकि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर हिंदी को स्वीकार्य नहीं करता, ऐसे में भाषा की बाधा पात्र किसानों लाभ से वंचित किए हुए है। ऐसे किसानों को डाटा सही कराया जा रहा है।