वाल्टरगंज क्षेत्र के गनेशपुर में दो दिन पहले हुई थी घटना
दूसरे के चक्कर में अपहरण का प्रयास करने पहुंचे थे आरोपी
चाचा से मारपीट करने वाले युवक को उठाने आए थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गनेशपुर से एक युवक को अगवा करने की कोशिश के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के चाचा के साथ किसी की मारपीट हुई थी। उसी आवेश में दोनों आरोपी चेहरा पहचानने में गच्चा खा गए। इसलिए उसे बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वाल्टरगंज क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी तुलसीराम ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि उनका भाई अनिल कुमार मंगलवार की शाम बाजार से कुछ सामान लेकर लौट रहा था। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवकों ने जबरन उसे बाइक पर बैठा लिया और भागने लगे। अनिल के शोर मचाने पर युवकों ने उसके सीने पर तमंचा सटा दिया और बोले कि शोर करोगे तो गोली मार देंगे। इसी बीच शोर सुन कुछ ग्रामीण भी पहुंच गए और अपहरणकर्ताओं को दौड़ा लिया था।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपी बृजेश यादव व अंकित प्रजापति निवासी गौर थाना वाल्टरगंज को पुलिस टीम ने बुधवार को गढ़वाल पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर लिया गया है। घटनास्थल से असलहा पहले ही बरामद किया जा चुका था।