खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में बस्ती की बेटी तनीषा सिंह ने जीता कांस्य पदक।
हर्रैया। कप्तानगंज क्षेत्र के खोभा गांव निवासी तनीषा सिंह ने लखनऊ में चल रहे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कोलकाता के एडमास यूनिवर्सिटी की तरफ से खेलते सिंगल्स व डबल्स में कांस्य पदक जीता है। इससे पहले भी वह कई राष्ट्रीय खिताब जीत चुकी हैं। बेटी की सफलता पर क्षेत्र के लोग खासे गदगद हैं। उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का शुभारंभ 29 मई को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
बैडमिंटन के सेमीफाइनल मुकाबले में कोलकाता की तरफ से खेलते हुए तणनीषा सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम ने हराया। महिला वर्ग के सिंगल्स मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त तनीषा को दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रथम वरीयता प्राप्त खिलाड़ी लिखिता श्रीवास्तव ने तीन सेट तक चले मुकाबले में 21-14, 20-22 और 19-21 से हराया। डबल्स में तनीषा और श्रेया तिवारी की जोड़ी को दिल्ली की दीप शिखा व काव्या की जोड़ी ने हराया। तीसरे स्थान के लिए बीबीडी बैडमिंकन एकेडमी में शुक्रवार सुबह खेले गए मैच में तनीषा ने सिंगल्स वर्ग में सावित्रीबाई फुले यूनिवर्सिटी पुणे की खिलाड़ी तनिष्का एम देशपांडे को 21-14, 21-15 से हराकर कांस्य पदक जीता। डबल्स की जोड़ीदार श्रेया तिवारी के साथ कांस्य पदक के लिए हुए मुकाबले में पुणे खिलाड़ी तनिष्का एम पांडे व मुरुण्यमयी एम देशपांडे की जोड़ी को 16-21, 21-14 और 23-21 से हरा कर पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देशभर के 16 विश्वविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया था। उनकी सफलता पर उनके दादा रामचंद्र सिंह, पिता योगेश सिंह, चाचा अमितेश सिंह को क्षेत्र के लोग बधाई दे रहे हैं।