बस्ती। खरमास अब खत्म हो गया है। 14 अप्रैल से लगन शुरू हो रही है। यह 11 जून तक रहेगा। इन 30 दिनों में चार हजार से अधिक शादियां रचाई जाएंगी। लगन के मुहूर्त में हर दिन शहनाई गूंजेगी। कहीं बेटियों के हाथ पीले होंगे तो कहीं दूल्हे राजा बरात लेकर निकलेंगे।
जिन घरों में शादी विवाह है उन घरों में तैयारियां तेज हो गई है। बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। सराफा, कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। व्यवसायियों में उत्साह है। उनके चेहरे खिले हैं।
कैटरिंग, फोटोग्राफी, बैंड बाजा, की बुकिंग की जा रही है। सोमवार से सहालग का सीजन शुरू हो रहा है। अप्रैल में 14, 16, 18, 19, 20, 21, 25, 29 और 30 तारीख में कुल नौ लगन है। मई में 1, 5, 6, 8, 10, 14, 15, 16, 17, 18, 22, 23, 24, 27, 28 को शादी- ब्याह का मुहूर्त है। इस महीने में 15 लगन है। जून में 2, 4, 5, 7, 8 को कुल विवाह मुहूर्त है।
इसके बाद फिर खरमास लग जाएगा। पंडित राम किंकर ने बताया कि इस बार शादी विवाह के लिए ज्यादा बहुत मुहूर्त है। सभी शुभ हैं। खरमास के कारण 16 मार्च से मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया था।
शुभ कार्य नहीं किए जा रहे थे। 14 अप्रैल से 11 जून तक लगन काफी है। मांगलिक कार्य निसंकोच कर सकते हैं। 11 जून से 31 अक्तूबर तक फिर मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।