विजेता टीम खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित, स्रोत आयोजक
बस्ती। शहर के खैर क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे अंडर-14 ट्राई सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को खेला गया। खैर वॉरियर्स और बस्ती स्ट्राइकर के बीच हुए मुकाबले में खैर स्ट्राइकर ने जीत दर्ज की, मगर, पूर्व में दो मैच जीतने वाले खैर वॉरियर्स टीम सीरीज पर कब्जा किया।
टॉस जीत कर खैर वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 30 ओवर के मुकाबले में टीम ने आठ विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। टीम की ओर से अभिनव ने 30, अर्जुन यादव ने 22, आरिफ ने 17 और रूद्र पाल सूर्यवंशी ने 12 रन बनाए। बस्ती स्ट्राइकर की तरफ से अंजनेय सूर्यवंशी ने तीन और मेधाश प्रताप सिंह ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्ती स्ट्राइकर की टीम ने 26.3 ओवर में ही मुकाबले को सात विकेट से जीत लिया। टीम की ओर से कप्तान आयुष शुक्ला ने 56, यश शुक्ला ने 46 और साहित्य ने 12 रनों की पारी खेली। खैर वॉरियर्स की तरफ से खालिद, अखिलेश यादव और जैद ने एक-एक विकेट लिए। इस मुकाबले में शानदार पारी खेलने वाले आयुष शुक्ला को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
कोच आलोक वर्मा ने बताया कि तीन मुकाबले की सीरीज में खैर वॉरियर्स ने दो-एक से सीरीज को अपने नाम कर लिया है। मैन-ऑफ-द सीरीज का पुरस्कार अंजनेय प्रताप सिंह को दिया गया। बेस्ट बैट्समैन आयुष शुक्ला, बेस्ट बॉलर अंजनेय प्रताप सिंह और बेस्ट फील्डर आरिफ रहे। मुख्य अतिथि रणजी खिलाड़ी मंजीत चौधरी रहे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार देते हुए उनका उत्साह वर्धन किया।
इस अवसर पर एमएसके प्रसाद, अजय प्रताप सिंह, सौरभ पाल, विकास चौधरी आदि मौजूद रहे।