रोडवेज बस्ती डिपो में खड़ी बसें संवाद
बस्ती। कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्ट किया जाएगा है। परिवहन निगम की बसें दूसरे रूट से चलाई जाएंगी। बदले रूट से लखनऊ की दूरी बढ़ जाएगी। इससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। एआरएम कल्पना श्रीवास्तव ने मंगलवार को कर्मियों के साथ बैठक की। तय किया कि कम दूरी वाले वैकल्पिक मार्ग से बसों काे लखनऊ तक चलाया जाएगा।
एआरएम ने बताया कि इस बार बस्ती से लखनऊ जाने वाली बसों के लिए जिला अस्पताल से सोनूपार, कंपनीबाग से सोनूपार होते हुए महादेवा, लालगंज कुदरहा, कलवारी से टांडा व पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर लखनऊ का रूट तय किया जा रहा है। रूट डायवर्जन से लखनऊ की दूरी 30 से 35 किमी बढ़ जाएगी। यात्रियों को 35 से 40 रुपये अतिरिक्त किराया वहन करना होगा। वहीं, दूसरा मार्ग डुमरियागंज मार्ग होकर भी रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, गोरखपुर-अयोध्या फोरलेन पर डायवर्जन आठ अगस्त शाम से 12 अगस्त दोपहर तक रहेगा। चार दिन तक इस रूट पर इमरजेंसी सेवा में लगे वाहनों को छोड़कर भारी वाहनों के साथ कार व अन्य वाहनों का आना-जाना प्रतिबंधित रहेगा। जिसमें, रोडवेज बसें भी शामिल हैं।