विक्रमजोत। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से छावनी पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आठ अगस्त से 11 अगस्त तक प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को लेकर थाना क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है।
छावनी थाना प्रभारी निरीक्षक राणा डीपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। मादक पदार्थों की बिक्री की सूचना मिलने पर दुकानों, गुमटियों तथा अन्य संदिग्ध स्थलों की गहन जांच की गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नशे के कारोबारियों, असामाजिक तत्वों एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद