कानूनगो को गिरफ्तार कर ले जाती एसीबी की टीम.
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को बस्ती सदर तहसील में तैनात कुसौरा सर्किल के कानूनगो अशर्फी लाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कानूनगो इसका विरोध करने लगा, जिसके बाद टीम ने गाड़ी में धक्का देकर उसे जबरन बैठा लिया और कोतवाली लेकर पहुंच गई।
देर शाम तक कोतवाली में आरोपी कानूनगो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस दौरान आरोपी कानूनगो की पत्नी और बच्चे भी कोतवाली में मौजूद रहे। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने कोतवाली थाने में आरोपी कानूनगो अशर्फीलाल निवासी मड़वानगर थाना कोतवाली के खिलाफ तहरीर दी है।
बताया गया कि कलवारी क्षेत्र के सैफाबाद गांव निवासी आसमान सिंह ने अपनी जमीन की पैमाइश के लिए धारा 24 के तहत वाद दाखिल किया था। राजस्व न्यायालय के आदेश पर उनके जमीन की पैमाइश होनी थी। इसके लिए कुसौरा सर्किल में तैनात कानूनगो उनसे रिश्वत की मांग करने लगे।
काश्तकार आसमान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की। इसके बाद टीम सक्रिय हो गई। बुधवार को कानूनगो तहसील सदर स्थित अपने कार्यालय में बैठे हुए था। इस बीच एंटी करप्शन टीम ने उन्हें पकड़ने का जाल बिछाया। काश्तकार आसमान सिंह कानूनगो अशर्फी लाल के पास पहुंचे।
उन्हें जमीन की पैमाइश के लिए बतौर रिश्वत 10 हजार रुपये नकद दिए। इसी के तुरंत बाद एंटी करप्शन टीम संबंधित कानूनगो को घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते टीम उन्हें खींचते हुए कमरे से बाहर लेकर आने लगी।
इस दौरान आरोपी कानूनगो उनके चंगुल से निकलने का प्रयास भी किया। टीम बिना मौका दिए गाड़ी में धकेल कर बैठा और कोतवाली पहुंच गई। टीम के अनुसार, दो स्वतंत्र लोक सेवक की मौजूदगी में कानूनगो को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।