कानपुर हिंसा का आरोपी जावेद जिला कारागार में शिफ्ट
बस्ती। तीन जून को कानपुर की नई सड़क हिंसा के आरोपी जावेद अहमद खान को जिला कारागार में रविवार को दाखिल कर दिया गया। शासन के आदेश पर उसे कानपुर की जेल से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बस्ती जेल में लाया गया। जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह ने बताया कि बंदी रक्षकों की कड़ी निगरानी में उसे क्वारंटीन बैरक में रखा गया है।
बैरक के इर्दगिर्द अतिरिक्त बंदी रक्षकों की तैनात की गई है। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों मुलाकात करने पहुंचने की वजह से इसे गैर जनपद की जेल में भेजा गया है। कानपुर हिंसा के मास्टरमाइंड हयात जफर हाशमी का जावेद अहमद खान दाहिना हाथ बताया जा रहा है। जेल अधीक्षक ने बताया कि अगर आरोपी जावेद अहमद खान से डिप्टी जेलर की मौजूदगी में ही कोई मुलाकात कर सकता है। हालांकि अभी तक उससे मिलने कोई नहीं आया है। जेल मैनुअल के मुताबिक बंदियों की परिवार वालों व अधिवक्ता से बातचीत के लिए जेल के अंदर स्थापित पीसीओ से उसे बात करने के लिए नंबर का पहले सत्यापन कराया जाएगा। बंदी जावेद जिन नंबरों पर बात करने की इच्छा व्यक्त करेगा, उन नंबरों का कानपुर पुलिस से सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद ही पीसीओ से बात करने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
--
इन बंदियों को गैर जिले में भेजा गया
नई सड़क हिंसा के मुख्य आरोपी हयात जफर हाशमी को चित्रकूट जेल, मोहम्मद राहिल को पीलीभीत, मोहम्मद सूफियान को सोनभद्र, जावेद अहमद खान को बस्ती जेल में भेजा गया है। जबकि पीएफआई एजेंट मोहम्मद उमर का तबादला खीरी जेल और मोहम्मद फैसल को सुल्तानपुर और निजाम कुरैशी देवरिया और सऊद कालिया को कासगंज जेल भेजा गया है।
----