रणजीत सिंह स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता टीम ट्राॅफी के साथ। स्रोत आयोजक
हर्रैया। बीआर इंटर कॉलेज में रणजीत सिंह स्मारक राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच शुक्रवार को खेला गया। रोमांचक मुकाबले में कामाक्षी ग्रुप की टीम ने बाराबंकी की टीम को 13 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। आयोजक चेयरमैन कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने विजेता टीम को 2.51 लाख नकद व ट्रॉफी दी गई। मुख्य अतिथि सपा सांसद राम प्रसाद चौधरी रहे। कामेक्षी ग्रुप के कप्तान हरिश मंसूरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में सात विकेट खोकर 186 रन बनाए। नोमान शाह ने 68 व अल्तमश सिद्दीकी ने 13 गेंदों में सात छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। एस बंसल ने भी 24 रन की उपयोगी पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरे बाराबंकी के सलामी बल्लेबाजों ने टीम को धुआंधार शुरुआत देते हुए पहले ही ओवर में 34 रन बना डाले।
इसके बाद गेंदबाजी के लिए आए आनंद यादव व सरताज ने गेंदबाजी करते हुए रन गति पर अंकुश लगाया। बड़े शॉट खेलने के चक्कर में लगातार चार विकेट गिरने से मैच एकतरफा होने लगा, मगर रजत ठाकुर ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दर्शनीय शॉट लगाकर मैच में जान फूंक दी, मगर सरताज की चतुराई भरी तेज गेंदबाजी के चलते बाराबंकी की टीम लक्ष्य से 13 रन दूर रह गई।
रजत ने 15 गेंदों में सात छक्कों की मदद से 47 और शुभम यादव ने संघर्षपूर्ण 38 रन की पारी खेली। आनंद यादव ने तीन और सरताज ने दो महत्वपूर्ण झटककर अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। फाइनल मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए नोमान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सोनू यादव को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने दिया।
उप विजेता टीम को ट्राॅफी और 1.51 लाख का पुरस्कार प्रधान संघ अध्यक्ष अर्जुन सिंह, अरविंद सिंह व अवधेश त्रिपाठी ने दिया। बेस्ट का पुरस्कार वरुण सिंह ने दिया। फील्ड के बाहर दर्शकों का हुजूम फाइनल मैच देखने के लिए उमड़ पड़ा। हर छक्के और चौकों के अलावा बेहतरीन फील्डिंग व बॉलिंग के लिए पुरस्कारों की झड़ी लग गई।